Home Haryana हरियाणा में नर्सिंग अधिकारियों की दो घंटे की पेन-डाउन हड़ताल, महिला आयोग...

हरियाणा में नर्सिंग अधिकारियों की दो घंटे की पेन-डाउन हड़ताल, महिला आयोग अध्यक्ष की टिप्पणी पर जताया विरोध

1
0

चंडीगढ़। हरियाणा के नर्सिंग अधिकारियों ने हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की कथित टिप्पणी और व्यवहार के विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दो घंटे की पेन-डाउन हड़ताल का ऐलान किया है। यह निर्णय नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन (हरियाणा) की ओर से लिया गया है, जिसके तहत सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नर्सिंग अधिकारी कार्य से विरत रहेंगे।

एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता कुमारी ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं तथा सभी सिविल सर्जनों को पत्र भेजकर अपना विरोध दर्ज कराया है। संगठन का आरोप है कि 7 जून को कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में एक डॉक्टर से जुड़े मामले की जांच के दौरान महिला आयोग अध्यक्ष द्वारा नर्सिंग अधिकारियों के प्रति अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

पत्र में कहा गया है कि जांच से जुड़े मामले में नर्सिंग अधिकारियों की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं थी, इसके बावजूद पूरे नर्सिंग समुदाय पर सवाल उठाए गए और उनकी पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। एसोसिएशन का कहना है कि किसी एक मामले के आधार पर पूरे नर्सिंग कैडर को कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।

नर्सिंग अधिकारियों ने मांग की है कि रेणु भाटिया सार्वजनिक रूप से नर्सिंग समुदाय से माफी मांगें। संगठन का कहना है कि यह मुद्दा केवल कर्मचारियों की गरिमा से नहीं, बल्कि पूरे नर्सिंग समाज के सम्मान और आत्मसम्मान से जुड़ा हुआ है।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है। फिलहाल प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग अधिकारियों द्वारा दो घंटे की प्रतीकात्मक पेन-डाउन हड़ताल के माध्यम से विरोध दर्ज कराया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here