करनाल : चन्द्रिका ( TSN)- बीती 3 जनवरी से वेतन वृद्धि सहित कई मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे प्रदेश के पटवारियों और कानूनगो की हड़ताल समाप्ति की उम्मीद टूट गई ।
26 दिनों तक चले धरने प्रदर्शन के बाद सोमवार को चंडीगढ़ में वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ पटवारियों के डेलीगेशन की मीटिंग तय हुई थी। प्रदेश की राजधानी के चल रही इस बैठक पर विभिन्न जिलों में हड़ताल पर बैठे पटवारी टकटकी लगाकर देख रहे थे ।उम्मीद जताई गई कि बैठक में उनकी मांगों को लेकर निर्णय होगा और हड़ताल खत्म होगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ । अधिकारियों के साथ हुई बैठक बेनतीजा होने के कारण हड़ताल खत्म होने की अटकलों पर विराम लग गया, वही मांगे पूरी नहीं होने से गुस्साए पटवारियों ने अपनी हड़ताल आगे जारी रखने का ऐलान कर दिया ।बीते 26 दिनों में सात चरणों में पटवारियों की हड़ताल आगे बढ़ती गई लेकिन सरकार की तरफ से उन्हें कोई आश्वासन नहीं मिला । बैठक विफल होने से नाराज पटवारियों ने अपनी हड़ताल जारी रखने की घोषणा कर दी है ।







