Home Crime केएमपी एक्सप्रेस-वे पर कार चालक से लूट, विरोध करने पर चाकुओं से...

केएमपी एक्सप्रेस-वे पर कार चालक से लूट, विरोध करने पर चाकुओं से किया जानलेवा हमला

3
0

बहादुरगढ़। केएमपी एक्सप्रेस-वे पर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। मांडोठी टोल के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक कार चालक को निशाना बनाते हुए लूट और जानलेवा हमले की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने चालक से 70 हजार रुपये लूट लिए और विरोध करने पर उस पर चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में पड़े पीड़ित को एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम ने अस्पताल पहुंचाया। मामले में आसौदा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के भिवाड़ी निवासी सुमित गुप्ता ने बताया कि वह रात अपनी इनोवा कार से नरवाना से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह रोहतक से आगे केएमपी एक्सप्रेस-वे पर मांडोठी टोल के पास पहुंचे, तभी तीन नकाबपोश युवकों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों के हाथों में बंदूक और चाकू जैसे हथियार थे।

पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने कार रुकवाते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और गाड़ी में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद लूट लिए। जब उन्होंने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

हमले में गंभीर रूप से घायल सुमित किसी तरह कार से बाहर निकले, लेकिन अत्यधिक खून बहने के कारण कुछ ही दूरी पर बेहोश होकर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम की नजर उन पर पड़ी। टीम ने तुरंत उन्हें गुरुग्राम के मेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर जांच शुरू की। एमएलसी तैयार होने के बाद सूचना संबंधित थानों को भेजी गई। जांच में वारदात स्थल झज्जर जिले के आसौदा थाना क्षेत्र में आने पर जीरो एफआईआर वहां ट्रांसफर कर दी गई। पुलिस अब केएमपी एक्सप्रेस-वे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here