गुरुग्राम : चन्द्रिका ( TSN)-गुरुग्राम के सोहना रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान शामिल हुए.लोकसभा चुनाव में पांच सीटों पर जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने में लगी हुई है. इसके अलावा इस जोश में और एक्स्ट्रा मेहनत के साथ कार्यकर्ता मैदान में उतरे और विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगे इस पर भी कार्यकर्ता सम्मेलन में जोर दिया गया.
कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ और सिर्फ लोगों को गुमराह करती है. गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था के नाम पर भाजपा ने एक कंपनी के साथ मिलकर बड़ा भ्रष्टाचार किया है.उन्होंने कहा कि बीजेपी जिन पोर्टल को जनहित में शुरू कर कर उन्हें सरकार की उपलब्धि बना रहे हैं वह पोर्टल लोगों के लिए परेशानी बने हुए हैं.यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो आते ही ऐसे सभी पोर्टल को बंद कर दिया जाएगा. इसके अलावा उन्होंने दुष्यंत चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा कि दुष्यंत चौटाला ने अपने स्वार्थ के लिए बीजेपी से गठबंधन किया था. इस स्वार्थ के अलावा हरियाणा प्रदेश के खजाने को लूटने का भी काम इस गठबंधन ने किया था. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही वृद्धा पेंशन को 6 हजार रुपए कर देगी तो वहीं गैस सिलेंडर 500 रुपए में लोगों को उपलब्ध होगा.







