Palwal, 26 October -:पलवल जिले की होडल सीआईए टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने पंजाब के रोपड़ जिले से बिहार ले जाई जा रही करीब 25 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब की 435 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से हाईवा चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी शराब तस्करी के मामले में महाराष्ट्र की जेल जा चुका है।
होडल सीआईए इंचार्ज जगमिंद्र सिंह ने जानकारी दी कि टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि पंजाब से बिहार जा रहे एक हाईवा में भारी मात्रा में अवैध शराब तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर होडल-उजीना ड्रेन के पास पुलिस ने नाका लगाया। कुछ देर बाद एक हाईवा डंपर (नंबर RJ-53 GA-0552) आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकवाकर तलाशी ली, तो वाहन के अंदर लकड़ी की फट्टियों के नीचे छिपाकर रखी गई 435 पेटियां अंग्रेजी शराब की बरामद हुईं, जिनमें रॉयल स्टैग और इंपीरियल ब्लू ब्रांड शामिल थे।
वाहन चालक की पहचान नवीन, निवासी जिला चरखी दादरी (हरियाणा) के रूप में हुई। वह शराब तस्करी से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और लगभग 25 लाख रुपए मूल्य की शराब जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ होडल थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
जगमिंद्र सिंह, सीआईए इंचार्ज, होडल
“मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हमने 435 पेटी अवैध शराब बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ में इससे जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।







