अंबाला-:अंबाला में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच चुका है,जबकि हरियाणा के कई इलाकों में पारा 45 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है।तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जो भी बाहर निकल रहा है,वह अपने चेहरे और सिर को पूरी तरह ढककर निकलने को मजबूर है।
शहर के बाजारों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। आम दिनों की तुलना में बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है।नेशनल हाईवे पर भी वाहनों की संख्या कम नजर आ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी तेज गर्मी में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है,इसलिए वे केवल जरूरी काम के लिए ही घर से निकल रहे हैं।लोग अपने साथ ठंडे पानी की बोतल,शिकंजी और गन्ने का जूस जैसी चीजें लेकर चल रहे हैं ताकि गर्मी से राहत मिल सके।भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी देखने को मिल रहा है। नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।खासकर उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन के मरीज ज्यादा पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।नागरिक अस्पताल की डॉक्टर चित्रा ने लोगों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर ओआरएस और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करते रहें। घर से बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को अच्छी तरह ढकें और कोशिश करें कि दोपहर के समय धूप में बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि अगर बहुत जरूरी काम न हो तो लोग घरों में ही रहें,क्योंकि गर्म हवाएं स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकती हैं।







