करनाल/राकेश कुमार शर्मा-:करनाल के घरौंडा स्थित अनाज मंडी में आयोजित कथावाचक प्रदीप मिश्रा की कथा सोमवार देर शाम अचानक विवादों में घिर गई।धार्मिक माहौल के बीच दान कार्यालय में हुए हंगामे ने पूरे आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई और मौके पर लाठी-डंडे चलने लगे।घटना के बाद कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं में डर और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार,विवाद दान कार्यालय के अंदर शुरू हुआ, जहां कुछ लोगों के अचानक घुसने के बाद माहौल बिगड़ गया। आयोजकों का आरोप है कि हंगामा करने वाले लोगों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की और वहां रखी करीब 6 लाख 11 हजार रुपए की नकदी भी गायब कर दी।इस घटना के बाद आयोजन समिति में भारी नाराजगी देखी गई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे।वहीं दूसरी ओर,पुलिस थाने पहुंचे कुछ लोगों ने आयोजकों पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं।उनका कहना है कि कथा में वीआईपी पास को लेकर पक्षपात किया जा रहा था। आरोप है कि पासों का वितरण पारदर्शी तरीके से नहीं किया गया और कुछ खास लोगों को प्राथमिकता दी गई।इसी बात को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी लगातार बढ़ रही थी,जो बाद में विवाद का कारण बनी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दान कार्यालय से लाखों रुपए लूटे जाने के दावे को भी पूरी तरह गलत बताया और इसे झूठी कहानी करार दिया।घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज ने मामले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।फुटेज में दान कार्यालय के आसपास भारी भीड़,धक्का-मुक्की और हंगामे जैसी स्थिति साफ दिखाई दे रही है।कुछ लोग कार्यालय के भीतर तेजी से आते-जाते भी नजर आ रहे हैं।अब यही फुटेज पुलिस जांच का अहम आधार माना जा रहा है।घटना के बाद कथा स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि दोबारा किसी तरह का विवाद न हो। श्रद्धालुओं के बीच भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।मामले को लेकर थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस को एक पक्ष की शिकायत मिली है। शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उसी आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







