फरीदाबाद,अनिल मंगला-:फरीदाबाद पुलिस ने शहर में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 मई को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में व्यापक कांबिंग ऑपरेशन चलाया।यह अभियान सुबह तड़के शुरू किया गया,जिसमें विभिन्न अपराध शाखाओं की संयुक्त टीमों ने हिस्सा लिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और कई स्थानों की गहन तलाशी ली गई।
इस विशेष अभियान में डॉग स्क्वाड की टीम को भी शामिल किया गया था, ताकि छिपाकर रखे गए नशीले पदार्थों और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके।पुलिस की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप का माहौल बना रहा। अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों और अपराधियों पर शिकंजा कसना था।अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर के प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र ने इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व किया। उनके निर्देशन में पुलिस टीमों ने कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।फरीदाबाद पुलिस ने साफ किया है कि शहर में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।







