कैथल, बलिंदर कुमार -:कैथल पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आई-20 कार में डोडा पोस्त की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया।
डीएसपी मुख्यालय बीरभान ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम गांव प्यौदा के पास प्यौदा-हरसौला चौक, नेशनल हाईवे-152 पर गश्त और जांच अभियान चला रही थी।इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि फतेहाबाद जिले के गांव चिंदर निवासी चंद्रपाल और हिसार जिले के गांव भोडिया निवासी कपिल देव आई-20 कार में डोडा पोस्त लेकर कलायत की ओर से अंबाला की तरफ जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।कुछ समय बाद बताए गए नंबर की आई-20 कार मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया।पुलिस ने नायब तहसीलदार कलायत महेश कुमार की मौजूदगी में कार की तलाशी ली। जांच के दौरान गाड़ी की डिग्गी में रखे दो काले प्लास्टिक कट्टों से 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।थाना तितरम में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई कमलजीत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।







