Home Haryana फरीदाबाद में हिट एंड रन: Meta अधिकारी के पिता की मौत ,आरोपी...

फरीदाबाद में हिट एंड रन: Meta अधिकारी के पिता की मौत ,आरोपी गिरफ्तार

17
0

अनिल मंगला, फरीदाबाद। फरीदाबाद में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से Meta में प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर कार्यरत अमित झावर के पिता लक्ष्मी नारायण झावर की मौत हो गई। हादसा 27 अगस्त की रात करीब 8:35 बजे हुआ था। पूरी घटना सीसीटीवी और डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया, हालांकि कोर्ट से उसे जमानत मिल गई है।

पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी नारायण झावर मंदिर से दर्शन कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। घर से करीब 100 मीटर पहले अनखीर गोल चक्कर की तरफ से तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद मृतक की बेटी ज्योति की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में 28 अगस्त को मामला दर्ज किया गया। परिवार की ओर से पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई गई। फुटेज में कार को लक्ष्मी नारायण झावर को टक्कर मारते और उनके ऊपर से गुजरते हुए देखा जा सकता है।

फरीदाबाद पुलिस के अनुसार मामले में BNS की धारा 106 और 281 के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान मेवला महाराजपुर निवासी बृजेश को 3 सितंबर को पूछताछ और जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां मामला जमानती होने के कारण उसे जमानत मिल गई।

पुलिस ने आरोपी की कार को जब्त कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, डैशबोर्ड कैमरे के विजुअल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही फाइनल रिपोर्ट तैयार कर कोर्ट में पेश की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here