चंडीगढ़-:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा लगातार विकास,पारदर्शिता और जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिले प्रचंड जनादेश पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने प्रदेशवासियों,विजयी जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
विपुल गोयल ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता द्वारा विकास,सुशासन और जवाबदेह शासन व्यवस्था पर जताए गए विश्वास का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि वह ऐसी सरकार चाहती है जो धरातल पर काम करे और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेशभर में जनता के बीच भाजपा के प्रति उत्साह और विश्वास साफ दिखाई दिया। जनता का यही समर्थन आज ऐतिहासिक जनादेश के रूप में सामने आया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री नायब सैनी के मार्गदर्शन,कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद को दिया।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हरियाणा में सड़क,पेयजल,बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार हुए हैं। गांवों और शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है तथा नागरिक सुविधाओं को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने,महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।भाजपा सरकार सेवा,सुशासन और पारदर्शिता के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है, जिसके कारण जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।विपुल गोयल ने कहा कि भाजपा राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज सेवा का माध्यम मानती है।नगर निकाय चुनाव में मिला जनादेश पार्टी और सरकार की जिम्मेदारी को और बढ़ाता है।उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को और गति देंगे।अंत में उन्होंने हरियाणा की जनता, विजयी प्रत्याशियों और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह विश्वास उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।







