सिरसा | सिरसा जिले के डबवाली रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के अंतर्गत व्यापक पुनर्विकास किया गया है। करीब 13.22 करोड़ रुपये की लागत से इस ऐतिहासिक स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को राजस्थान के बीकानेर दौरे के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डबवाली समेत देशभर में तैयार किए गए कई रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।
रेलवे प्रशासन ने उद्घाटन समारोह की तैयारियां तेज़ कर दी हैं। डबवाली स्टेशन को यात्री सुविधाओं के लिहाज़ से आधुनिक और सुविधाजनक बनाया गया है।
यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं
अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर एसी वेटिंग रूम, वीआईपी रूम, नया बुकिंग ऑफिस, दिव्यांगजन फ्रेंडली टॉयलेट, और सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार जैसे काम किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, स्टेशन की एंट्री और एग्जिट प्वाइंट, पोर्च, पार्किंग क्षेत्र, लैंडस्केपिंग और पुराने भवन की सुंदरता में भी उल्लेखनीय बदलाव किए गए हैं।
वेटिंग हॉल का नवीनीकरण किया गया है, यात्रियों के लिए सूचना प्रणाली को अपडेट किया गया है और स्टेशन को नई फर्नीचर, चित्रकारी और सौंदर्यीकरण से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन पर पिछले 62 वर्षों से जल सेवा कर रही सतगुरु प्रताप सिंह जल सेवा समिति द्वारा अब RO पानी की व्यवस्था भी की गई है।
ऐतिहासिक महत्व भी रखता है डबवाली स्टेशन
रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य सुरेश मित्तल के अनुसार, डबवाली रेलवे स्टेशन का इतिहास अंग्रेजों के जमाने से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1903 में यहां मीटर गेज लाइन बिछाई गई थी। बाद में, 1979 में ब्रॉड गेज लाइन स्थापित की गई, जो बठिंडा से सूरतगढ़ तक फैली थी। इस रेलमार्ग का निर्माण भारतीय सेना की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया था।
विकास के साथ बढ़ेगा व्यापार
सुरेश मित्तल ने कहा कि समय के साथ स्टेशन को मॉडर्न स्टेशन घोषित किया गया और इससे लंबी दूरी की यात्री एवं मालगाड़ियों का संचालन आसान हुआ। इससे न केवल लोगों की आवाजाही में सुविधा बढ़ी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिली। स्टेशन पर बना नया पार्किंग एरिया स्थानीय दुकानदारों के लिए भी लाभकारी साबित होगा।







