पलवल-:फरीदाबाद मंडलायुक्त संजय जून ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।मंडलायुक्त ने अधिकारियों को परिक्रमा मार्ग दुरुस्त करने और श्रद्धालुओं को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त संजय जून ने बताया कि 17 मई से शुरू होने वाली बृज 84 कोस परिक्रमा को लेकर गांव डाढका समेत कई गांवों का निरीक्षण किया गया है।उन्होंने कहा कि यह परिक्रमा श्रद्धा और आस्था का बड़ा केंद्र है,इसलिए सरकार और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग के कच्चे रास्तों को पक्का करने,साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने तथा बिजली और पानी की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार काम कर रहा है।इसके अलावा सामाजिक संगठनों की ओर से भी सेवा कार्य किए जा रहे हैं।मंडलायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया जाएगा। परिक्रमा मार्ग पर एंबुलेंस और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।







