Home Haryana नारद जयंती समारोह में पत्रकारों का सम्मान, सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता पर...

नारद जयंती समारोह में पत्रकारों का सम्मान, सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता पर जोर

15
0

पलवल। विश्व संवाद केंद्र पलवल की ओर से रविवार को शहर के विश्राम गृह सभागार में देव ऋि नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता दूधौला गांव के सरपंच एडवोकेट सुनील कुमार ने की, जबकि मुख्य वक्ता एबीपी न्यूज के वरिष्ठ पत्रकार अशोक कौशिक रहे। मंच संचालन एडवोकेट केशव शर्मा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ देव ऋषि नारद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष एडवोकेट सुनील कुमार ने सभी को नारद जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देव ऋषि नारद को ब्रह्मांड का प्रथम पत्रकार माना जाता है। उन्होंने कहा कि नारद जी ने सदैव लोककल्याण और समाजहित को प्राथमिकता दी। वर्तमान समय में पत्रकारों को भी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की कमियों को उजागर कर सुधार का मार्ग प्रशस्त करते हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार अशोक कौशिक ने कहा कि देव ऋषि नारद के जीवन और वैचारिक मूल्यों से आज के पत्रकारों को बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथे स्तंभ का दर्जा प्राप्त है और पत्रकारों के कंधों पर समाज को सही दिशा देने की बड़ी जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि नारद जी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी विश्वसनीयता और प्रमाणिकता थी। तीनों लोकों में उनका सम्मान इसलिए था क्योंकि वे सत्य और जनकल्याण के लिए कार्य करते थे। पत्रकारिता भी निर्भीकता, निष्पक्षता और समाजहित की भावना से प्रेरित होनी चाहिए।

अशोक कौशिक ने कहा कि तकनीक के बदलते दौर में पत्रकारिता के स्वरूप में बदलाव जरूर आया है, लेकिन खबर का मूल स्वरूप आज भी वही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में नैरेटिव की लड़ाई चल रही है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पत्रकारों को समाचारों की सत्यता की पूरी जांच करने के बाद ही उन्हें प्रसारित करना चाहिए। कथ्य, तथ्य और सत्य के आधार पर प्रस्तुत की गई खबर ही समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। समारोह के दौरान कई पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here