गुरुग्राम | गुरुग्राम के सेक्टर-9 थाना क्षेत्र स्थित बसई जंगल में रात एक 55 वर्षीय व्यक्ति का खून से सना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने व्यक्ति की सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की और बाद में शव को जंगल में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।पुलिस के अनुसार, रात करीब नौ बजे कुछ लोगों ने कंट्रोल रूम को जंगल में शव पड़े होने की सूचना दी थी। लोगों ने बताया कि इलाके से तेज बदबू आने पर वे वहां पहुंचे, जहां एक व्यक्ति का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए। पुलिस को घटनास्थल से ऐसे संकेत मिले हैं कि मृतक के सिर पर किसी भारी पत्थर से हमला किया गया था।
पुलिस को शक है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को बसई जंगल में लाकर फेंका गया। मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सेक्टर-9 थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मृतक की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।







