अंबाला | अंबाला के शाहाबाद मारकंडा रोड के पास पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाइक पर सवार दोनों तस्करों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी की टांग में गोली लगी, जबकि दूसरा बाइक फिसलने से घायल हो गया।
घायल आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के चिलकाना निवासी मोनीश और रेहान के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए मुलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 1 मई की रात अंबाला कैंट के पंजोखरा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात में वांछित थे। उस घटना में पशु तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें राहगीर गुरनाला गांव निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी की गोली लगने से मौत हो गई थी। आरोपियों पर पुलिस पर फायरिंग और पत्थरबाजी करने के भी आरोप हैं।
जानकारी के मुताबिक, 1 मई की रात टुंडला गांव के पास पुलिस ने पशु तस्करों को रोकने का प्रयास किया था। इस दौरान तस्कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे और बाद में पंचकूला सीमा के पास दो गायों से भरी पिकअप छोड़कर भाग निकले थे। घटना के बाद मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं।
पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। सूचना के आधार पर पुलिस ने शाहाबाद मारकंडा रोड पर घेराबंदी की, जहां मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की है। अब सीआईए-1 की टीम रिमांड के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और पशु तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ करेगी। घायल आरोपियों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।







