पलवल | पलवल में मंगलवार सुबह होडल-नूंह मार्ग पर सौंध गांव के पास एक निजी स्कूल की बस पलट गई, जिसमें सात बच्चे घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, बस बहीन, नांगल, मानपुर समेत कई गांवों से बच्चों को लेकर होडल स्थित स्कूल जा रही थी। सौंध गांव के पास अचानक एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चालक का संतुलन बिगड़ा और बस सड़क किनारे पलट गई।
घायल बच्चों में बहीन गांव की संध्या, हर्षिता, हर्षित, प्रियांशु, सौंध के चमन, पहाड़ी गांव के भूपेंद्र और प्रियांशी शामिल हैं। राहगीरों ने तुरंत मदद कर बच्चों को बस से बाहर निकाला। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां परिजन और स्कूल स्टाफ भी पहुंचे और बच्चों की हालत देख राहत की सांस ली।







