रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल स्थित इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप क्षेत्र में देर रात एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना सामने आई। बावल की प्रसिद्ध सोलर उपकरण निर्माता कंपनी UTL Solar में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।
घटना रात करीब 11:15 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुल 12 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमों ने पूरी रात मशक्कत की और करीब 180 से अधिक टैंकर पानी का इस्तेमाल किया। रेस्क्यू और राहत अभियान सुबह करीब 6 बजे तक लगातार जारी रहा।
बताया जा रहा है कि हादसा UTL Solar कंपनी में हुआ, जो पिछले लगभग 30 वर्षों से सोलर पैनल, इनवर्टर और बैटरी निर्माण का काम कर रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कंपनी में उत्पादन कार्य बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से कंपनी का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंपनी के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद निकली चिंगारियों से आसपास की सूखी घास और कचरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कंपनी परिसर तक फैल गई। हालांकि प्रशासन अभी आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि में जुटा हुआ है।
सहायक फायर ऑफिसर संजय ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय रहते दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और पास में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के कारण आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया गया।
फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। एहतियात के तौर पर कंपनी परिसर में कूलिंग का काम जारी है, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे। वहीं कंपनी प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।







