हरियाणा | हरियाणा इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्म हवाओं के चलते लोगों को लू का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 13 जून तक राज्य के 9 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।
वहीं, 14 से 16 जून के बीच कुछ इलाकों में धूलभरी हवाएं चलने और हल्की बूंदाबांदी के आसार भी जताए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस बीच गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर ने लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर में रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और निकलते समय चेहरे और सिर को अच्छी तरह से ढककर निकलें।
बुधवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट (0.9 डिग्री) दर्ज की गई, लेकिन तापमान सामान्य से अब भी 3.4 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। इस दिन सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा।







