चंडीगढ़। हरियाणा में अप्रैल महीने में ही गर्मी ने मई-जून जैसे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 2.9°C अधिक दर्ज किया गया है, जिससे पूरे प्रदेश में गर्मी का असर तेज हो गया है।
रोहतक और फरीदाबाद बुधवार को प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 40.5°C रिकॉर्ड किया गया। इनके अलावा हिसार, नारनौल, गुरुग्राम, जींद और सिरसा समेत कई जिलों में भी पारा 39°C से 40°C के आसपास पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय लू जैसे हालात बन गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके चलते गुरुग्राम और सिरसा जैसे क्षेत्रों में लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
IMD का कहना है कि मौजूदा स्थिति के पीछे शुष्क मौसम और लगातार तेज धूप प्रमुख कारण हैं। हालांकि, 17 और 18 अप्रैल के आसपास एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है।
इसके बाद 19 अप्रैल से मौसम फिर से शुष्क होने और तापमान में दोबारा बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।







