करनाल | करनाल में नगर निगम की मेयर के फर्जी पीए बनकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कर्ण विहार निवासी ओम प्रकाश के रूप में हुई है, जो लंबे समय से खुद को मेयर का निजी सहायक बताकर नगर निगम के काम करवाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूल रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मेयर रेणु बाला गुप्ता ने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति उनके नाम का दुरुपयोग कर खुद को पीए बताकर लोगों से ठगी कर रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें कई ऐसे लोग सामने आए जिन्होंने आरोपी को पैसे दिए, लेकिन उनका कोई काम नहीं हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को कई पीड़ितों के बयान मिले, जिससे आरोपी की गतिविधियों की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार देर रात कमेटी चौक के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है और उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को ठगा और ठगी की रकम का इस्तेमाल कहां किया। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि उसने किसी तरह के फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल तो नहीं किया।
थाना सिविल लाइन के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा था।
वहीं, मेयर रेणु बाला गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि किसी भी काम के लिए सीधे नगर निगम कार्यालय में संपर्क करें और किसी बिचौलिए पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति उनके नाम पर पैसे मांगता है तो इसकी तुरंत सूचना प्रशासन को दें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।







