हिसार। पुलिस की सीआईए मिल गेट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अजीत पहलवान गैंग के शार्प शूटर सुमित उर्फ पिन्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो विदेशी तुर्की पिस्तौल, 75 जिंदा कारतूस और तीन मैगजीन बरामद की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी विरोधी विनोद पान्नू गुट के आठ लोगों को निशाना बनाने की योजना में था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि सीआईए मिल गेट की टीम सातरोड़ कलां क्षेत्र में गश्त और अपराध रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक वांटेड बदमाश अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल घेराबंदी कर सुमित उर्फ पिन्नी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो तुर्की निर्मित पिस्तौल, 75 जिंदा कारतूस और तीन मैगजीन मिलीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर हिसार में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सुमित उर्फ पिन्नी के खिलाफ हरियाणा के अलावा पंजाब और राजस्थान में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाएगी।
पुलिस आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान जांच की जाएगी कि बरामद विदेशी हथियार और कारतूस उसे कहां से मिले तथा इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में हथियारों की सप्लाई और प्रस्तावित वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है।







