पलवल : चन्द्रिका ( TSN)-मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पलवल जिले में करीब 96 करोड़ 13 लाख 73 हजार रूपए की लागत से 10 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसी कड़ी में जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम के चेयरमैन व होडल के विधायक जगदीश नायर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर जिला उपायुक्त सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम के चेयरमैन व होडल के विधायक जगदीश नायर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा प्रदेश भर में करोड़ों रूपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा 10 परियोजनाओं की सौगात दी गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में पलवल जिले में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए स्कूल व कॉलेजों का निर्माण किया गया है। जिले में सडक़ों का जाल बिछाया गया है। वहीं पशुओं की देखभाल के लिए पशु अस्पताल बनाए जा रहे है। स्कूलों की चारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित के सभी कार्य समानता के आधार पर किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों को शुरू किया गया है वे सभी आगामी 6 महीने में पूरे किए जाएगें।







