Home Haryana फरीदाबाद में 11 साल के बच्चे की आत्महत्या, पिता की डांट के...

फरीदाबाद में 11 साल के बच्चे की आत्महत्या, पिता की डांट के डर ने ली मासूम की जान

1
0

फरीदाबाद  | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के छांयसा थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 11 वर्षीय बच्चे ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पिता की डांट के डर ने मासूम को इतना भयभीत कर दिया कि उसने यह कठोर कदम उठा लिया।

जानकारी के अनुसार, छठी कक्षा में पढ़ने वाला यह बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेलकर घर लौटा था। घर आने के बाद उसने अपनी जरूरत के लिए बिना बताए घर में रखे करीब 50 से 100 रुपये निकाल लिए। कुछ समय बाद जब उसकी मां को पैसों के बारे में पता चला, तो उन्होंने बच्चे को डांटा नहीं, बल्कि सामान्य रूप से कहा कि वह इस बात की जानकारी उसके पिता को देंगी।

मां की यह बात बच्चे के मन में गहरा डर पैदा कर गई। वह बिना कुछ कहे चुपचाप घर की छत पर चला गया। वहां उसने कपड़े सुखाने वाली रस्सी को पानी की टंकी के पाइप से बांधकर फंदा तैयार किया और पास रखी मेज की मदद से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

काफी देर तक जब बच्चा नीचे नहीं आया, तो मां उसे ढूंढते हुए छत पर पहुंची। वहां का दृश्य देख वह सन्न रह गई। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से बच्चे को नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और परिवार का बेहद लाडला बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने मामले को दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here