हिसार | हिसार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिंदल रोलिंग मिल में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के दौरान सातरोड निवासी 26 वर्षीय विशाल की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूरों का उपचार जारी है।
घायलों में शामिल हरिराम ने बताया कि वह बॉयलर में स्क्रैप डाल रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया। कुछ समझने से पहले ही उसे महसूस हुआ कि उसके शरीर पर गर्म और पिघला हुआ पदार्थ गिर रहा है, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, पांच मजदूर बॉयलर में स्क्रैप डाल रहे थे। इसी दौरान स्क्रैप में एक एलपीजी सिलेंडर भी आ गया, जिसे गलती से बॉयलर में डाल दिया गया। सिलेंडर के संपर्क में आते ही जोरदार विस्फोट हुआ और पिघला हुआ स्क्रैप मजदूरों पर गिर पड़ा, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में सातरोड निवासी विशाल, नेपाल के तारा बहादुर (जिंदल रोलिंग मिल में कार्यरत), गोरखपुर निवासी शिवशंकर, राजस्थान के चूरू निवासी हरिराम और मिर्जापुर निवासी सूरजबली शामिल हैं। मिल प्रशासन ने सभी घायलों को तुरंत जिंदल अस्पताल पहुंचाया, जहां विशाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, विशाल करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया था, जबकि तारा बहादुर और शिवशंकर 50 प्रतिशत से अधिक झुलसे हुए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और खतरे से बाहर है।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि विशाल की उस दिन ड्यूटी निर्धारित कार्यस्थल पर नहीं थी, फिर भी उसे जबरन बॉयलर के पास काम पर लगाया गया। उन्होंने इस हादसे को प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही बताया।
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने तक मिल में कामकाज रोक दिया गया है।







