Home Haryana जींद में गैस से भरे टैंकर में लगी भीषण आग, पांच दमकल...

जींद में गैस से भरे टैंकर में लगी भीषण आग, पांच दमकल केंद्रों की गाड़ियों ने सुबह तक पाया काबू

18
0

जींद। हरियाणा के जींद में बिशनपुरा और शादीपुरा गांवों के बीच एक पेट्रोल पंप के पास खड़े एलपीजी से भरे टैंकर में रात अचानक आग लग गई। टैंकर में आग भड़कने की खबर फैलते ही दोनों गांवों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों को आशंका थी कि आग की चपेट में आने से गैस से भरा टैंकर विस्फोट के साथ फट सकता है। हालांकि, गनीमत रही कि टैंकर में धमाका नहीं हुआ और कोई जानी नुकसान भी नहीं हुआ।

आग की गंभीरता को देखते हुए जींद, जुलाना, नरवाना, उचाना और सफीदों से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने कई घंटे तक लगातार मशक्कत की और मंगलवार सुबह करीब चार बजे आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्तों को बंद करवा दिया, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

जानकारी के अनुसार, बिशनपुरा गांव के पास एचपी गैस का बड़ा प्लांट स्थित है। यहां बाहर से एलपीजी लेकर टैंकर पहुंचते हैं और गैस को सिलिंडरों में भरने का काम किया जाता है। गैस प्लांट के बाहर अक्सर एलपीजी से भरे कई टैंकर खड़े रहते हैं। बताया जा रहा है कि जिस टैंकर में आग लगी, उसमें करीब सात टन गैस भरी हुई थी।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आसपास के क्षेत्र में गैस टैंकरों से कथित तौर पर गैस चोरी की जाती है। आशंका जताई जा रही है कि गैस चोरी की कोशिश के दौरान किसी तरह टैंकर में आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी जांच के बाद ही घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी आशीष कुमार, सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार और सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस टीमों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल की ओर जाने वाला रास्ता बंद करवा दिया। जुलाना की तरफ से आने वाले मार्ग पर भी आवाजाही रोक दी गई, ताकि लोग आग की चपेट में आने वाले क्षेत्र के पास न पहुंचें।

सुबह करीब चार बजे आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हुई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन टैंकर में बड़ी मात्रा में गैस भरी होने के कारण पूरी रात दोनों गांवों के लोग दहशत में रहे और कई परिवार सो नहीं सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here