कैथल | कैथल जिले के चीका में मोबाइल दुकानदार पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपी को बुधवार सुबह ढांड क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र निवासी रजत पुत्र जरनैल के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। इस घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार चीका में फायरिंग की घटना के बाद आरोपी रजत फरार चल रहा था। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को सूचना मिली थी कि वह ढांड क्षेत्र में मौजूद है और फिर से दुकानदार को निशाना बनाने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी बाइक पर सवार होकर भागने लगा और नेशनल हाईवे 152डी के पुल के पास पहुंचकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही उसे दबोच लिया गया। बाद में उसे इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह वारदात एक गैंग सरगना साहिल भागल के कहने पर की थी, जो फिलहाल विदेश में रह रहा है। पुलिस के अनुसार साहिल पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह वांछित अपराधी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर पहले भी उसी दुकानदार पर फायरिंग की थी और फिरौती न मिलने पर दोबारा वारदात की योजना बनाई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।







