चंडीगढ़ | हरियाणा में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) को लेकर एक फर्जी नोटिफिकेशन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दावा किया गया कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन की ऑनलाइन प्रक्रिया 2 मई से शुरू होगी। इस नोटिफिकेशन के वायरल होते ही लाखों युवा भ्रमित हो गए जो ग्रुप C और ग्रुप D की भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।
मामला तूल पकड़ता देख हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा, “यह नोटिफिकेशन पूरी तरह फर्जी है। CET 2025 से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।” उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी असत्यापित स्रोत की सूचना पर विश्वास न करें।
गौरतलब है कि हरियाणा में पहली बार ग्रुप C और D पदों के लिए होने वाले CET में 40 लाख से अधिक युवा आवेदन करने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ग्रुप D के लिए करीब 17 लाख और ग्रुप C के लिए लगभग 14 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। अनुमान है कि आधिकारिक नोटिफिकेशन मई के पहले सप्ताह में जारी किया जाएगा और परीक्षा इसी महीने के अंत तक आयोजित की जा सकती है।
अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है कि वे केवल HSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी फर्जी या असत्यापित जानकारी से सतर्क रहें।







