पलवल,सुंन्दर कुंडू-:स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पलवल जिले के ऐतिहासिक गांव धतीर में क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में भाजपा नेता उत्कर्ष चौधरी बतौर मुख्यातिथि पहुंचे।उन्होंने रिबन काटकर और टॉस कराकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजकों और ग्रामीणों ने उत्कर्ष चौधरी का फूल मालाओं और पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया। जैसे ही टूर्नामेंट की शुरुआत हुई, मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर भाजपा नेता उत्कर्ष चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन,टीम भावना,नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
उत्कर्ष चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से गांवों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।उन्होंने कहा कि आज हरियाणा और देश के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश और प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में आसपास के गांवों की कई टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों और खिलाड़ियों में काफी उत्साह है।कार्यक्रम में योगेश सरपंच असावटा,रिंकल अमरपुरिया, संदीप तेवतिया, नितिन दहिया,संदीप नागर, कृष्ण भारद्वाज, राहुल ठाकुर, प्रवीण सेलोटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







