फरीदाबाद | हरियाणा में गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और दोपहर के समय तेज धूप से लोग परेशान हैं।
फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भिवानी और गुरुग्राम में तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस रहा। सिरसा और हिसार में भी तापमान क्रमशः 38.9 और 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल तक मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद 17 और 18 अप्रैल को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन दो दिनों में कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हवाओं की दिशा में बार-बार बदलाव के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है। इस दौरान हवाओं की गति लगभग 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की जा रही है।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में भी उछाल देखने को मिलेगा। कुछ स्थानों पर हीटवेव जैसे हालात बनने की आशंका भी जताई गई है।
प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में आंशिक बादलवाही भी देखी गई है, जबकि महेंद्रगढ़ क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।







