चंडीगढ़ | हरियाणा में आज मौसम के तेवर बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल हैं, जहां तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना अधिक बताई गई है।
वहीं हिसार, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी मौसम अस्थिर रहने, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है। बीते दिनों राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर अब भी देखने को मिल रहा है, जिससे किसानों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो रहा है। नूंह में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़, रोहतक और करनाल समेत कई स्थानों पर तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दिन के तापमान में गिरावट के बावजूद रात का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।







