हिसार | राजस्थान की महिला डॉक्टर भावना यादव की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के क्लर्क उदेश यादव पर अब प्रशासनिक कार्रवाई भी शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यूनिवर्सिटी के मीडिया एडवाइजर संदीप आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही उदेश यादव का नाम हत्या के मामले में सामने आया, विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए निलंबन के आदेश जारी किए। यह आदेश शनिवार देर शाम को जारी किए गए। उदेश यादव वर्ष 2019 से यूनिवर्सिटी के कंट्रोलर रूम में क्लर्क के पद पर कार्यरत था।
हत्या के बाद भागा था गांव, पुलिस ने मोबाइल फोन किया बरामद
हिसार पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी उदेश यादव अपने गांव लिलोध (जिला रेवाड़ी) भाग गया था। वहां उसने अपना मोबाइल फोन झाड़ियों में छिपा दिया था। शनिवार को पुलिस उसे लेकर रेवाड़ी पहुंची, जहां उसके घर के पास से मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, उदेश अभी तक उस पेट्रोल की बोतल के बारे में कुछ नहीं बता रहा है, जो उसके क्वार्टर से बरामद की गई थी। माना जा रहा है कि यह सबूत जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
जांच जारी, सख्त कार्रवाई की संभावना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और विश्वविद्यालय दोनों स्तरों पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। भावना यादव की हत्या के इस मामले ने राज्यभर में चिंता और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि जांच में आगे क्या खुलासे होते हैं और आरोपी को कब तक सजा मिलती है।







