चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी साफ दिखाई दे रहा है, जिसके चलते प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का अहसास फिर बढ़ गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। ठंडी हवाओं और बदलते मौसम के कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 मार्च को हरियाणा के कई जिलों में मौसम फिर से बदल सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 20 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के आसार जताए गए हैं। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी और एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मार्च के मध्य में भी तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सिरसा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 14.0 डिग्री, करनाल में 13.9 डिग्री और नारनौल में 13.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं, गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर के मुताबिक, 18 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इसके बाद रात में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 19 मार्च से प्रदेश के मौसम में देखने को मिलेगा। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।





