चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम एक बार फिर U-Turn लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
हाल के दिनों में पड़ रही तेज गर्मी के बाद यह मौसम परिवर्तन लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश, ओले और आंधी से खेतों में लगी फसलें और सब्जियों को नुकसान हो सकता है।
मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तरी हरियाणा के जिलों—पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में गरज-चमक के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 17 मार्च को भी कुछ स्थानों पर तेज हवाओं का अनुमान है।
मौसम में बदलाव के कारण राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। आज सबसे अधिक तापमान भिवानी में 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले सात दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट होने की उम्मीद है। लोगों से अपील की गई है कि तेज बारिश और ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित रहें और खेतों व सब्जियों की निगरानी रखें।







