चंडीगढ़ | पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से मंगलवार को मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम ने करीब 6 घंटे तक गहन पूछताछ की। आज उसका रिमांड खत्म हो रहा है। इस बीच, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूट्यूबर्स की गतिविधियों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश यानी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
पाकिस्तानी अधिकारी से बातचीत की जानकारी
जांच के दौरान ज्योति से पहलगाम आतंकी हमले और पाक सीमा से जुड़े वीडियो बनाने को लेकर सवाल पूछे गए। पूछताछ में ज्योति ने पहलगाम दौरे को महज ‘नियमित यात्रा’ बताया और आतंकी हमले से किसी भी प्रकार के संबंध से इनकार किया। हालांकि, जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि पहलगाम हमले के बाद भी वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंट (PIO) के संपर्क में थी।
एजेंसियों के अनुसार, मार्च में ज्योति की पाकिस्तानी दूतावास में तैनात अधिकारी ‘दानिश’ से बातचीत हुई थी। संदेह है कि इस बातचीत से जुड़ी दो चैट्स को डिलीट किया गया, हालांकि ज्योति ने पूछताछ में इससे इनकार किया।
डायरी में पाकिस्तान के प्रति भावनाएं
पुलिस ने ज्योति की एक डायरी भी बरामद की है, जिसमें उसने पाकिस्तान यात्रा का जिक्र करते हुए लिखा, “मैं पाकिस्तान से 10 दिन की यात्रा के बाद वापस घर लौटी हूं। वहां की आवाम से मुझे मोहब्बत मिली। लाहौर घूमने का दो दिन का वक्त कम था। सरहदों की दूरियां कब तक रहेंगी, ये नहीं पता, मगर दिलों के शिकवे मिट जाएं। हम सब एक ही धरती की संतान हैं।” डायरी में उसने यह भी अपील की है कि पाकिस्तान सरकार भारत से संबंधित मंदिरों और गुरुद्वारों को खोले।
पुलिस जांच जारी, बैंक खातों की जांच भी शामिल
जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योति के कई बैंक अकाउंट हैं, हालांकि उनमें कितनी रकम है, इसका पुलिस ने फिलहाल खुलासा नहीं किया है। अब सवाल उठता है कि ज्योति की पाकिस्तान से जुड़ाव की असली मंशा क्या थी? यह जांच का विषय है, लेकिन इतना साफ है कि उसकी गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि इस केस से जुड़े डिजिटल सबूतों और बैंक लेनदेन की जांच अभी जारी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।







