गुरुग्राम | हरियाणा में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे, जबकि 1 दिसंबर से शीतलहर और घना कोहरा बढ़ने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से नमी में बढ़ोतरी होगी, जिसके कारण धुंध का असर और ज्यादा दिखाई देगा।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में सुबह और शाम की ठंड बनी हुई है। बीते 24 घंटों में हालांकि न्यूनतम तापमान में करीब 1.1 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बावजूद इसके, दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में अगले दो दिनों तक गहरे कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा असर
रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर और रोहतक में धुंध का प्रभाव अधिक रहने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक वर्षा की कोई संभावना नहीं है और 3 दिसंबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है।







