कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र जिले में नरवाना ब्रांच नहर (भाखड़ा) के किनारे एक युवक का शव मिलने के बाद थाना और चौकी पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद हो गया। इस झगड़े के कारण करीब चार घंटे तक मृतक का शव नहर किनारे पड़ा रहा। बाद में थाना पुलिस के निर्देश पर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल भेजा।
गोता खोरों ने नहर से शव निकाल कर किनारे रख दिया और डायल-112 को सूचना दी। इसके बाद थाना केयूके और ज्योतिसर चौकी के पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों पक्षों में यह बहस शुरू हो गई कि मामला किस क्षेत्राधिकार में आता है। विवाद के दौरान शव नहर किनारे रस्सी से बंधा पड़ा रहा और एंबुलेंस भी लौट गई।
गोता खोर प्रगट सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों की बहस देखकर उन्होंने अपनी टीम के साथ शव को बाइक पर रखकर एसपी कार्यालय ले जाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा। मृतक की जेब से एलएनजेपी अस्पताल की पर्ची मिली, जिसमें मृतक का नाम संदीप कुमार और पता गांव रावगढ़ लिखा था।
प्रारंभिक जांच में शव पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि युवक नहर में गिरा या उसने आत्महत्या की, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। ज्योतिसर चौकी के एएसआई जोधा राम ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखा गया है और शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक मानसिक रूप से परेशान था और अकेला रहता था।







