हिसार (एकता): हरियाणवी इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर राजू पंजाबी का नि+धन होने से उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि वह पिछले 10 दिनों से हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। मीडिया सूत्रों के अनुसार 40 साल की उम्र में ही उनके जाने से फैंस को गहरा झटका लगा है। बता दें कि वह हरियाणा के मशहूर सिंगर थे। हालांकि सपना चौधरी के साथ उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया जाता था।
काला पीलिया से ग्रसित थे राजू
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को उन्होंने अंतिम सांस ली। वह हिसार के आजाद नगर में रहते थे। जब वह पहले बीमार हुए तो ठीक होकर घर चले गए थे लेकिन उनकी अचानक तबीयत फिर से खराब हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें काला पीलिया था। जिस कारण लीवर और फेफड़ों में संक्रमण हो गया। वह सांस नहीं ले पा रहे थे। अब उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव रावतसर खेड़ा में किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर उनकी मौत की सूचना मिलते ही उनके रिश्तेदार और प्रशंसक हिसार पहुंचना शुरू हो गए हैं।
जानिए कौन से गाने थे मशहूर
बता दें कि सिंगर राजू पंजाबी ने काफी हिट गाने दिए। उनके गानों पर पूरा हरियाणा झूमता था। उन्होंने देसी-देसी, सॉलिड बॉडी, तू चीज लाजवाब, सैंडल जैसे मशहूर गाने हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री देकर एक नई पहचान बनाई। हाल ही में राजू पंजाबी का लास्ट गाना 12 अगस्त को रिलीज हुआ था। जिसके बोल- ‘आपसे मिलके यारा हमको अच्छा लगा था’ हैं।







