पंचकूला,15 मार्च -:चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेक्टर-20 स्थित मिशन आश्रम द्वारा पंचकूला की अनाज मंडी में 108 कुंडीय समष्टि श्री हनुमान चालीसा महायज्ञ का आयोजन किया गया।इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्तिमय वातावरण का अनुभव किया।
मिशन की स्थानीय आचार्य ब्रह्मचारिणी कालिंदी चैतन्य ने बताया कि इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने 21 बार सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके साथ ही 108 कुंडीय हवन,पूर्णाहुति,भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।आचार्य ने बताया कि महायज्ञ का उद्देश्य समाज में भक्ति, आध्यात्मिकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार करना है,ताकि लोग आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़कर समाज में सद्भाव और सेवा की भावना को आगे बढ़ा सकें।कार्यक्रम में पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर पूर्णाहुति के साथ सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।







