कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर दंपती से साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने तीन माह के भीतर ऑस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिलाकर पहले एडवांस रकम ली और बाद में पैसे लौटाने के लिए दिया गया चेक भी बाउंस हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना शहर थानेसर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाडवा निवासी सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जून 2024 में उसने मोबाइल पर अरुण नामक व्यक्ति की फर्म का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के आधार पर उसने आरोपी से संपर्क किया और उसके कार्यालय जाकर जरूरी दस्तावेज भी दिखाए। आरोपी ने सचिन की पत्नी नेहा का पीटीई स्कोर 52 से बढ़ाकर 58 करने की सलाह दी।
आरोपी की बातों में आकर नेहा ने पीटीई की कोचिंग ली और नवंबर 2024 तक उसका स्कोर 59 हो गया। इसके बाद आरोपी ने तीन माह में स्टडी वीजा लगवाकर ऑस्ट्रेलिया भेजने का दावा किया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने उसके ससुर के नाम से नया बैंक खाता भी खुलवाया।
पीड़ित का आरोप है कि 3 जुलाई 2025 को उस खाते में 3.5 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। अगले ही दिन आरोपी ने खाते की चेकबुक, एटीएम और पूरा बैंक किट अपने पास रख लिया और बिना बताए खाते से पूरी रकम निकाल ली। जब मोबाइल पर निकासी का संदेश आया तो आरोपी से संपर्क किया गया, जिस पर उसने 28 लाख रुपये फंड दिखाने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद अगस्त में आरोपी ने इंटरव्यू की तैयारी कराने और जल्द वीजा लगवाने का आश्वासन दिया, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कोई वीजा नहीं लगा। आखिरकार 2 जनवरी 2026 को आरोपी ने पैसे लौटाने के लिए चेक दिया, लेकिन बैंक में लगाने पर वह पर्याप्त बैलेंस न होने के कारण बाउंस हो गया।
पीड़ित के अनुसार दोबारा संपर्क करने पर आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी भी देने लगा। मामले में पुलिस ने आरोपी अरुण के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







