सोनीपत | हरियाणा में ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सोनीपत में शुक्रवार सुबह कोहरे के कारण दृश्यता लगभग शून्य दर्ज की गई, वहीं पानीपत सहित कई अन्य जिलों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 26 से 30 दिसंबर तक शीतलहर चलने की संभावना है। इस दौरान सूखी ठंड का असर देखने को मिलेगा और तापमान में गिरावट बनी रह सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बीती रात सोनीपत प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दिन के समय पलवल में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग ने उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में सुबह के समय कोहरे की आशंका जताई है, हालांकि दिन के समय धूप निकलने की संभावना भी बनी हुई है।
क्रिसमस के दिन प्रदेश के अधिकांश जिलों में धूप खिली रही, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। 25 दिसंबर को कई जिलों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पलवल में जहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं कैथल में यह सबसे कम 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और शीतलहर के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है।







