Home Haryana हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, 17 फरवरी से बारिश के आसार

हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, 17 फरवरी से बारिश के आसार

16
0

चंडीगढ़। प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है। दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके बावजूद कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, दिन के तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद चार शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। ठंडी हवाएं चलने के कारण गर्मी का असर ज्यादा नहीं बढ़ पा रहा है।

16 फरवरी तक रहेगा शुष्क मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा में 16 फरवरी तक मौसम साफ और शुष्क बना रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

17 फरवरी को सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 17 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके असर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। इसके चलते हरियाणा में आंशिक बादल छाने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के आसार हैं।

इन शहरों में 25 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा

राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, फिर भी कई इलाकों में दिन के समय गर्मी बनी रही। भिवानी में अधिकतम तापमान 26.4°C, फरीदाबाद में 25.9°C, नूंह में 25.7°C और सोनीपत में 25.3°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आगामी दिनों में संभावित बदलाव को देखते हुए सतर्क रहें।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here