चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाली छात्राओं को परीक्षा केंद्र तक लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं होगी।
बोर्ड के नए फैसले के अनुसार, जिन गांवों में परीक्षा देने वाली छात्राओं की संख्या 100 या उससे अधिक होगी, वहां ही गांव में परीक्षा केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए सभी स्कूलों से ऐसे गांवों की सूची मंगवाई गई है। वहीं, जिन गांवों में छात्राओं की संख्या 100 से कम है, उनके लिए भी परीक्षा केंद्र नज़दीकी गांव में बनाए जाएंगे, ताकि छात्राओं को लंबी यात्रा न करनी पड़े।
इस वर्ष 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 25 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। 12वीं की परीक्षा 25 फरवरी से 1 अप्रैल तक चलेगी, जबकि 10वीं की परीक्षा 26 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की जाएगी। इस साल 5.21 लाख से अधिक विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे।
HBSE चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि यह कदम छात्राओं की सुरक्षा और परेशानी कम करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण बनाना है। इस बार परीक्षा केंद्रों की स्थापना के इस कदम को शिक्षकों और अभिभावकों द्वारा सराहा जा रहा है।







