झज्जर | झज्जर के एक निजी अस्पताल संचालक डॉ. सुरेंद्र गौड़ से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गिरोह का सदस्य बताया और धमकी दी कि रकम न देने पर वह डॉक्टर और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाएगा।
सूत्रों के अनुसार, यह कॉल 15 जनवरी को दोपहर के समय डॉ. गौड़ के मोबाइल पर आई थी। आरोपी ने अपने आपको महेन्द्र बताया और स्पष्ट किया कि वह गिरोह से जुड़ा है। इस कॉल के तीन दिन बाद ही डॉ. गौड़ ने झज्जर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।
झज्जर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा को जांच सौंप दी है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और कई स्थानों पर दबिश भी दी गई। साथ ही, शिकायतकर्ता और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
झज्जर सिटी थाना प्रभारी बलदेव ने बताया कि मामले की जांच झज्जर की सी.आई.ए. स्टाफ द्वारा की जा रही है और जल्द ही सभी तथ्य सामने आएंगे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।






