यमुनानगर : चन्द्रिका ( TSN)- चुनावी साल के बीच नेताओं के दलबदल का दौर जारी है । हरियाणा की सियासत में बीजेपी को छोड़कर दर्शनलाल खेडा बीएसपी में शामिल हो गए हैं । वहीं बीएसपी के केंद्रीय नेताओं ने उन्हे अपनी पार्टी में शामिल किया है ।
बोले बीजेपी में हमेशा हुई मेरी अनदेखी.. काफी समय से था आहत
पूर्व नगरपरिषद चेयरमैन और बीजेपी नेता दर्शनलाल खेड़ा ने बीजेपी का दामन छोड़ दिया है, उन्होंने जगाधरी के एक निजी पैलेस में बीएसपी की सदस्यता ली है । इस दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के केंद्रीय प्रभारी रणधीर बेनीवाल, केंद्रीय प्रभारी कुलदीप बालियान और प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सोरखी की अगुवाई में बीएसपी ज्वाइन की है । दर्शनलाल खेड़ा के साथ तमाम वर्करों ने भी बीएसपी का पटका पहना । वहीं दर्शनलाल खेड़ा ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी में हमेशा उनकी अनदेखी हुई है,जिससे वे काफी समय से आहत थे लेकिन आज पूरी तरह से बीजेपी को छोड़ने का निर्णय लिया है । उन्होने कहा कि अगर बीएसपी मुझे विधानसभा चुनावों में मैदान में उतारती है तो मैं पूरी तरह से तैयार हूं । इस अवसर पर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के प्रभारी रणधीर बेनीवाल का कहना है कि दर्शनलाल खेड़ा के बीएसपी में आने से पार्टी ना सिर्फ पार्टी का कुनबा बढ़ा है बल्कि यमुनानगर में पार्टी को काफी मजबूती भी मिलेगी । उन्होने कहा कि बीएसपी यमुनानगर के अलावा कई जगहों पर काफी मजबूत है और इस बार निश्चित तौर पर सरकार में बीएसपी की भागीदारी जरूर रहेगी । गौरतलब है कि दर्शनलाल खेड़ा पहले कांग्रेस के मजबूत स्तंभ रहे हैं, लेकिन कुछ साल पहले वो बीजेपी में शामिल हो गए थे । आज उन्होने पार्टी छोडने से पहले बीजेपी पर कई आरोप लगाए ।







