फरीदाबाद। आरबीआई कर्मचारी बनकर जांच का झांसा देकर 1.90 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अमित शकुजा के रूप में हुई है, जो दिल्ली के टैगोर गार्डन का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी की ज्वैलरी की दुकान है और उसने ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर करने के लिए अपनी फर्म के नाम से बैंक खाता उपलब्ध कराया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वीएस ज्वैलर्स के नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसे ठग गिरोह को सौंप दिया था। इस खाते में ठगी की रकम में से करीब 10.10 लाख रुपये जमा हुए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 30 लाख रुपये की राशि अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड भी कराई है।
कैसे रचा गया ठगी का पूरा जाल
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि यह मामला सेक्टर-29 निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 दिसंबर को उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को एयरटेल हेडक्वार्टर गुरुग्राम का कर्मचारी बताया और वाई-फाई कनेक्शन काटने की बात कही।
इसके बाद शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप पर कॉल आई, जहां कॉल करने वाले ने खुद को आरबीआई का अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि शिकायतकर्ता के बैंक खातों में जमा एफडी की रकम की जांच आरबीआई द्वारा की जा रही है और इसके लिए पैसे को आरबीआई पोर्टल के अनुसार बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर करना होगा।
आरोपियों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने आरटीजीएस के जरिए अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 1,90,78,699 रुपये बताए गए खातों में भेज दिए। बाद में जब राशि वापस नहीं मिली, तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, जांच जारी
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी अमित शकुजा को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि ठगी में शामिल अन्य आरोपियों और नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।







