कैथल (हरियाणा) | अमेरिका ने अवैध रूप से रहने और बॉर्डर क्रॉस करने के मामलों में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 209 भारतीयों को डिपोर्ट कर दिया है। इनमें हरियाणा के 33 युवा भी शामिल हैं, जिनमें कैथल जिले के अमित (सीवन), साहिल (सौंगल), सोहन (ढांड), सज्जन (धरेड), गुरदेव (सिसमोर) और संजीव (खेड़ी रायवली) जैसे युवक शामिल हैं।
डिपोर्ट किए गए सभी युवाओं को बुधवार शाम लगभग 6 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लाया गया। कागजी कार्रवाई के बाद रात करीब 12 बजे उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने 17 युवकों को वहीं गिरफ्तार भी कर लिया, जिनमें कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल भी शामिल था।
डिपोर्ट युवाओं ने बताया कि अमेरिका के डिटेंशन सेंटर में हालात अत्यंत अमानवीय थे। उन्हें दिन में केवल दो बार भोजन मिलता था और रात में सिर्फ पतली कंबल की व्यवस्था थी। पुलिसकर्मी रात में युवाओं को उठाकर गिनती करते थे। युवाओं ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का भी जिक्र किया।
कैथल के संजीव के पिता ने बताया कि उनका बेटा सुरक्षित लौट आया है और वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।
कैथल के युवा लगातार डिपोर्ट: पिछले 11 महीनों में कैथल से कुल 46 युवक विदेश से लौट चुके हैं। इनमें फरवरी 2025 से लेकर जनवरी 2026 तक विभिन्न तिथियों पर 6 से 14 युवाओं को डिपोर्ट किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका जाने के दौरान कई युवाओं को डोकर बंधक बनाकर वसूली का शिकार बनाते हैं। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं। इस तरह की घटनाओं में हरियाणा और पंजाब के युवा शामिल रहते हैं।







