सोनीपत,20 मार्च -:सोनीपत नगर निगम में सफाई व्यवस्था अचानक प्रभावित हो गई है,जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों में कचरे के ढेर नजर आने लगे हैं।इसका मुख्य कारण सफाई कर्मचारियों का वेतन और अन्य सुविधाओं को लेकर जेबीएम कंपनी के खिलाफ चल रहा विरोध प्रदर्शन बताया जा रहा है। कंपनी को शहर की सफाई का ठेका दिया गया है, लेकिन कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, साथ ही पीएफ (Provident Fund) भी जमा नहीं किया जा रहा है।
वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मचारी काम छोड़कर धरने पर बैठ गए हैं,जिसके चलते पूरे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जमा होने लगा है,जिससे स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ने लगे हैं।कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक उन्हें उनके बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा,वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। उनका कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।वहीं,इस मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है।प्रदेश अध्यक्ष ने कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।उन्होंने कहा कि जेबीएम कंपनी की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं और यदि लापरवाही पाई जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल नगर निगम की ओर से कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है और स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे शहरवासियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।







