Home Haryana ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ से हरियाणा में अपराधियों पर तगड़ा प्रहार, 919 ठिकानों...

ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ से हरियाणा में अपराधियों पर तगड़ा प्रहार, 919 ठिकानों पर कार्रवाई

72
0

Chandigarh,19 December-:हरियाणा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’अपराध नियंत्रण की दिशा में लगातार निर्णायक साबित हो रहा है। 18 दिसंबर 2025 को राज्यभर में एक साथ की गई व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 919 चिन्हित आपराधिक हॉटस्पॉट्स पर सघन छापेमारी और कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस ऑपरेशन का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और आर्थिक ढांचे को ध्वस्त करना रहा।

दिनभर चली इस कार्रवाई में पुलिस ने 58 फरार एवं हिंसक अपराधियों सहित कुल 199 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 9 आरोपी अवैध हथियार रखने के मामलों में पकड़े गए।हथियारों की बरामदगी में 3 देसी कट्टे,6 पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस शामिल हैं।

नशा और अवैध शराब माफिया पर बड़ा वार

अभियान के दौरान नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई।पुलिस ने 316 लीटर देसी शराब, 105 लीटर लाहन और 20 किलोग्राम से अधिक अफीम की भूसी बरामद की।फतेहाबाद जिले में अकेले 20 किलो अफीम की भूसी जब्त की गई। इसके अलावा ₹1 लाख से अधिक नकदी, 2 कारें, 3 दोपहिया वाहन, एक बस और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी जब्त की गईं।कैथल में चोरी के एक मामले में ₹4.20 लाख नकद बरामद हुए, जबकि पंचकूला में सोने की चेन, वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए गए। भिवानी पुलिस ने बोलेरो गाड़ी, स्क्रैप और नकदी बरामद कर अपराधियों की कमर तोड़ी।

गौतस्करी पर नूंह पुलिस की सख्ती

नूंह जिले में गौतस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए पुलिस ने 25 किलो प्रतिबंधित मांस, 4 गायों को मुक्त कराया और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित हथियार जब्त किए।

गुरुग्राम सबसे आगे,सिरसा में सबसे ज्यादा हॉटस्पॉट्स पर कार्रवाई
गिरफ्तारियों में गुरुग्राम पुलिस सबसे आगे रही,जहां 58 आरोपी पकड़े गए।वहीं सिरसा में सबसे ज्यादा 88 हॉटस्पॉट्स पर कार्रवाई की गई। पानीपत, सोनीपत और गुरुग्राम में भी बड़े पैमाने पर दबिश दी गई।

साइबर ठगी पर बड़ी चोट

फरीदाबाद और पंचकूला सहित कई जिलों में साइबर ठगी गिरोहों का पर्दाफाश किया गया।‘वर्क फ्रॉम होम’ और इंस्टाग्राम पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोहों के आरोपी गिरफ्तार किए गए।

मानवीय पहल भी जारी

कड़ाके की ठंड के बीच पुलिस ने 703 जरूरतमंदों की मदद कर मानवीय जिम्मेदारी भी निभाई।साइबर हेल्पलाइन 1930 के जरिए ₹58 लाख से अधिक की ठगी की राशि समय रहते बचाई गई।हरियाणा पुलिस का यह अभियान अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का मजबूत उदाहरण बनकर उभरा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here