Panchkula,19 December-:सर्दियों में लगातार बढ़ रहे घने कोहरे और घटती दृश्यता को देखते हुए पंचकूला पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बच्चों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है।इसके तहत सभी स्कूलों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 168 के अंतर्गत नोटिस जारी कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सर्दियों के मौसम में कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।ऐसे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।पुलिस द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा उपायों को लागू कराने के निर्देश दिए गए हैं।जारी दिशा-निर्देशों के अनुसारसभी स्कूल बसों में फॉग लाइट, हेडलाइट, रिफ्लेक्टर और इंडिकेटर पूरी तरह कार्यशील होने चाहिए। इसके साथ ही बस चालकों का प्रशिक्षित होना,वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना और यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य किया गया है।कोहरे की अधिकता के दौरान यदि सड़क पर दृश्यता सुरक्षित स्तर से कम हो,तो स्कूल बसों का संचालन रोकने या उनके समय व रूट में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश भी स्कूलों को दिए गए हैंप्रत्येक बस में बच्चों की निगरानी के लिए अटेंडेंट या कंडक्टर की मौजूदगी भी अनिवार्य की गई है।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने यह भी बताया कि बस संचालन में देरी की स्थिति में अभिभावकों को समय पर सूचना देने के लिए स्कूलों को प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी स्कूल बसों पर स्पष्ट रूप से “स्कूल बस” लिखा हुआ रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा जिलेभर के नाकों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए हैं और पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय कर दिया गया है,ताकि कोई भी वाहन अनावश्यक रूप से सड़क पर खड़ा न हो और यातायात व्यवस्था बाधित न हो। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले स्कूल प्रशासन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।







